शिवमहापुराण — उमासंहिता — अध्याय 49
॥ श्रीगणेशाय नमः ॥
॥ श्रीसाम्बसदाशिवाय नमः ॥
श्रीशिवमहापुराण
उमासंहिता
उनचासवाँ अध्याय
भगवती उमाके प्रादुर्भावका वर्णन

मुनिगण बोले- सर्वार्थवेत्ता सूतजी ! अब आप भुवनेश्वरी उमाके अवतारका वर्णन करें, जिनसे सरस्वती उत्पन्न हुईं, जो परब्रह्म, मूलप्रकृति, ईश्वरी, निराकार होकर भी साकार एवं नित्यानन्दमयी सती कही जाती हैं ॥ १-२ ॥

सूतजी बोले- हे तपस्वियो! आपलोग उनके अति महान् चरित्रका प्रेमपूर्वक श्रवण कीजिये, जिसके जाननेमात्रसे मनुष्य परम गतिको प्राप्त कर लेता है ॥ ३ ॥ एक बार दैत्यों एवं देवताओंमें परस्पर युद्ध हुआ, उसमें महामायाके प्रभावसे देवगणोंकी विजय हुई ॥ ४ ॥ इससे देवताओंको अहंकार हो गया और वे अपनी प्रशंसा करने लगे कि हमलोग धन्य हैं, हमलोग धन्य हैं। वे असुर हमलोगोंका क्या कर लेंगे, जो हमारे अति दुःसह प्रतापको देखकर भयभीत हो ‘ भागो, भागो’ ऐसा कहकर पाताललोकको चले गये । अहो, दैत्योंके वंशका नाश करनेवाला हमारा बल एवं तेज अद्भुत है, देवताओंका आश्चर्यकारक भाग्य है – इस प्रकार वे सब आत्मश्लाघा करने लगे ॥ ५–७ ॥

महानन्दमनन्तलीलं महेश्वरं सर्वविभुं महान्तम् ।
गौरीप्रियं कार्तिकविघ्नराज-समुद्भवं शङ्करमादिदेवम् ॥


उसी समय वहाँ एक पुंजीभूत तेज प्रकट हुआ, जिसे पहले नहीं देखा गया था । उसे देखकर देवता आश्चर्यचकित हो उठे । देवी श्यामाके अभिमाननाशक उस प्रभावको न जानते हुए वे रुँधे कण्ठसे कहने लगे- यह क्या है, यह क्या है! ॥ ८-९ ॥ तब देवताओंके अधिपतिने देवताओंको आज्ञा दी कि आपलोग जाइये और ठीक-ठीक परीक्षा कीजिये कि यह क्या है ? तब देवेन्द्रसे प्रेरित पवनदेव उस तेजके पास गये। उस तेजने उनको सम्बोधितकर कहा- तुम कौन हो ? । तब उस प्रबल तेजके द्वारा इस प्रकार पूछे जानेपर अभिमानसे परिपूर्ण वायुने यह कहा – मैं जगत् का प्राण वायु हूँ। यह चराचर सारा जगत् सबके आधारस्वरूप मुझमें ही ओत-प्रोत है, मैं ही सम्पूर्ण जगत् का संचालन करता हूँ ॥ १०–१३ ॥

उसके अनन्तर महातेजने कहा- हे वायो ! यदि तुम चलानेमें समर्थ हो, तो इस रखे हुए तृणको स्वेच्छासे चला दो। तब वायुने सभी उपायोंसे उसे चलानेका यत्न किया, किंतु जब वह [तृण] अपने स्थानसे विचलित नहीं हुआ, तब वे वायुदेव लज्जित हो गये ॥ १४-१५ ॥ इसके बाद चुप होकर वायु इन्द्रकी सभामें गये और अपने पराभवका वह समाचार बताया ॥ १६ ॥ हम सब व्यर्थ ही अपनेमें सर्वेश्वरत्वका अभिमान करते हैं, हमलोग छोटे-से-छोटा कार्य भी नहीं कर सकते हैं। इसके बाद इन्द्रने सभी देवताओंको भेजा, किंतु जब वे भी उसे नहीं जान सके, तब स्वयं इन्द्र उसके पास गये ॥ १७-१८ ॥ इन्द्रको आता हुआ देखकर वह अति दुःसह तेज उसी क्षण अन्तर्धान हो गया, इन्द्र आश्चर्यचकित हो गये । तब इन्द्रने बार-बार यह विचार किया कि जिसका ऐसा चरित्र है, मुझे उसीके शरणमें जाना चाहिये ॥ १९-२० ॥

इसी बीच अकारण करुणामूर्ति सच्चिदानन्दरूपिणी शिवांगना भगवती उमा उन सभीपर अनुग्रह करनेके लिये एवं उनका अभिमान दूर करनेके लिये चैत्र शुक्ल नवमी को मध्याह्नकाल में वहाँ प्रकट हुईं। तेजके मध्यमें विराजमान, अपनी प्रभासे दसों दिशाओंको प्रकाशित करती हुई, ‘मैं ही ब्रह्म हूँ’ – ऐसा सभी देवताओंको स्पष्ट रूपसे बतलाती हुई, अपने चारों हाथोंमें वरद मुद्रा, पाश, अंकुश एवं अभयमुद्रा धारण की हुई, वेदोंके द्वारा सेवित, मनोहर, नवयौवनसे गर्वित, रक्त वस्त्र धारण की हुई, रक्तपुष्पोंकी माला पहनी हुई, रक्त चन्दनके अनुलेपसे युक्त, करोड़ों कामदेवके सदृश विमोहिनी, करोड़ों चन्द्रमाओंके समान कान्तिवाली उन सर्वान्तर्यामिनी सर्वभूतसाक्षिणी परब्रह्मस्वरूपिणी महामायाने कहा – ॥ २१–२६ ॥

उमोवाच ।
न ब्रह्मा न सुरारातिर्न पुरारातिरीश्वरः ।
मदग्रे गर्वितुं किंचित्का कथान्यसुपर्वणाम् ॥ २७ ॥
परं ब्रह्म परं ज्योतिः प्रणवद्वन्द्वरूपिणी ।
अहमेवास्मि सकलं मदन्यो नास्ति कश्चन ॥ २८ ॥
निराकारापि साकारा सर्वतत्त्वस्वरूपिणी ।
अप्रतर्क्यगुणा नित्या कार्यकारणरूपिणी ॥ २९ ॥
कदाचिद्दयिताकारा कदाचित्पुरुषाकृतिः ।
कदाचिदुभयाकारा सर्वाकाराहमीश्वरी ॥ ३० ॥
विरञ्चिः सृष्टिकर्ताहं जगत्पाताहमच्युतः ।
रुद्रः संहारकर्ताहं सर्वविश्वविमोहिनी ॥ ३१ ॥
कालिका कमलावाणी मुखास्सर्वा हि शक्तयः ।
मदंशादेव संजातास्तथेमास्सकलाः कलाः ॥ ३२ ॥
मत्प्रभावाज्जितास्सर्वे युष्माभिर्द्दितिनन्दनाः ।
तामविज्ञाय मां यूयं वृथा सर्वेशमानिनः ॥ ३३ ॥
यथा दारुमयीं योषां नर्तयत्यैन्द्रजालिकः ।
तथैव सर्वभूतानि नर्तयाम्यहमीश्वरी ॥ ३४ ॥
मद्भयाद्वाति पवनः सर्वं दहति हव्यभुक् ।
लोकपालाः प्रकुर्वंति स्वस्वकर्माण्यनारतम् ॥ ३५ ॥
कदाचिद्देववर्गाणां कदाचिद्दितिजन्म नाम् ।
करोमि विजयं सम्यक्स्वतन्त्रा निजलीलया ॥ ३६ ॥
अविनाशि परं धाम मायातीतं परात्परम् ।
श्रुतयो वर्णयन्ते यत्त द्रूपन्तु ममैव हि ॥ ३७ ॥
सगुणं निर्गुणं चेति मद्रूपं द्विविधं मतम् ।
मायाशबलितं चैकं द्वितीयन्तदनाश्रितम् ॥ ३८ ॥
एवं विज्ञाय मां देवास्स्वं स्वं गर्वं विहाय च ।
भजत प्रणयोपेताः प्रकृतिं मां सनातनीम् ॥ ३९ ॥

उमा बोलीं- मेरे सामने न ब्रह्मा, न विष्णु एवं न तो महेश्वर ही कुछ भी गर्व करनेमें समर्थ हैं, अन्य देवताओंकी तो बात ही क्या है ? ॥ २७ ॥ मैं ही परब्रह्म, परमज्योति, प्रणव और युगलरूपिणी हूँ, मैं ही सब कुछ हूँ, मेरे अतिरिक्त अन्य कोई कुछ नहीं है । मैं निराकार होकर भी साकार, सर्वतत्त्वस्वरूपिणी, तर्कसे परे गुणोंवाली, नित्य तथा कार्य-कारणस्वरूपिणी हूँ। मैं कभी स्त्रीरूपवाली, कभी पुरुषरूपवाली तथा कभी दोनों ही स्वरूपोंवाली हो जाती हूँ, इस प्रकार मैं सर्वस्वरूपा महेश्वरी हूँ ॥ २८-३० ॥ सृष्टिकर्ता ब्रह्मा मै ही हूँ, जगत् का पालन करनेवाला विष्णु मैं ही हूँ, संहार करनेवाला शिव भी मैं ही हूँ एवं जगत् को मोहनेवाली (महामाया ) भी मैं ही हूँ ॥ ३१ ॥ कालिका, कमला, सरस्वती आदि समस्त शक्तियाँ मेरे ही अंशसे उत्पन्न हुई हैं और ये सब मेरी कलाएँ हैं । मेरे ही प्रभावसे तुमलोगोंने दैत्योंपर विजय प्राप्त की है, उस मुझ [ शक्ति ] – को न जानकर तुमलोग व्यर्थ ही अपनेको सर्वेश समझते हो ॥ ३२-३३ ॥

जिस प्रकार ऐन्द्रजालिक काठकी पुतलीको नचाता है, उसी प्रकार मैं ईश्वरी सभी प्राणियोंको नचाती हूँ। मेरे भयसे पवन बहता है, अग्नि सबको जलाती है एवं लोकपाल निरन्तर अपने-अपने कार्य करते हैं ॥ ३४-३५ ॥ मैं सर्वथा स्वतन्त्र हूँ, इसलिये अपनी लीलासे कभी देवगणोंकी और कभी दैत्योंकी भलीभाँति विजय कराती हूँ। वेद जिस अविनाशी तथा मायातीत परात्पर परमधामका वर्णन करते हैं, वह तो मेरा ही रूप है ॥ ३६-३७ ॥ सगुण एवं निर्गुण – यह मेरा दो प्रकारका रूप कहा गया है। प्रथम रूप मायामय है एवं दूसरा रूप माया- रहित है। हे देवताओ! इस प्रकार मुझे जानकर और अपने-अपने गर्वका परित्याग करके भक्तिसे युक्त होकर मुझ सनातनी प्रकृतिकी आराधना करो ॥ ३८-३९ ॥

देवीके ऐसे दयायुक्त वचनको सुनकर भक्तिसे सिर झुकाये हुए देवतालोग परमेश्वरीकी स्तुति करने लगे- हे जगदीश्वरि ! क्षमा कीजिये | हे परमेश्वरि ! प्रसन्न हो जाइये, अब हमलोगोंको ऐसा गर्व कभी न हो । हे मातः ! दया कीजिये ॥ ४०-४१ ॥ उसी समयसे वे देवता अभिमान छोड़कर एकाग्रचित्त हो पूर्वकी भाँति विधिपूर्वक पार्वतीकी आराधना करने लगे। हे विप्रो ! इस प्रकार मैंने आपलोगोंसे उमाके प्रादुर्भावका वर्णन कर दिया, जिसके श्रवणमात्रसे परमपद प्राप्त होता है ॥ ४२-४३ ॥

॥ इस प्रकार श्रीशिवमहापुराणके अन्तर्गत पाँचवीं उमासंहितामें उमाप्रादुर्भाववर्णन नामक उनचासवाँ अध्याय पूर्ण हुआ ॥ ४९ ॥

Please follow and like us:
Pin Share

Discover more from Vadicjagat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.