July 7, 2025 | aspundir | Leave a comment अग्निपुराण – अध्याय 249 ॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥ ॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ दो सौ उनचासवाँ अध्याय धनुर्वेद 1 का वर्णन – युद्ध और अस्त्र के भेद, आठ प्रकार के स्थान, धनुष, बाण को ग्रहण करने और छोड़ने की विधि आदि का कथन धनुर्वेदः अग्निदेव कहते हैं — वसिष्ठ ! अब मैं चार 2 पादों से युक्त धनुर्वेद का वर्णन करता हूँ। धनुर्वेद पाँच प्रकार का होता है। रथ, हाथी, घोड़े और पैदल-सम्बन्धी योद्धाओं का आश्रय लेकर इसका वर्णन किया गया है। यन्त्रमुक्त, पाणिमुक्त, मुक्तसंधारित, अमुक्त और बाहुयुद्ध — ये ही धनुर्वेद के पाँच 3 प्रकार कहे गये हैं। उसमें भी शस्त्र सम्पत्ति और अस्त्र- सम्पत्ति के भेद से युद्ध दो प्रकार का बताया गया है। ऋजुयुद्ध और मायायुद्ध के भेद से उसके पुनः दो भेद हो जाते हैं। क्षेपणी (गोफन आदि), धनुष एवं यन्त्र आदि के द्वारा जो अस्त्र फेंका जाता है, उसे ‘यन्त्रमुक्त’ कहते हैं। (यन्त्रमुक्त अस्त्र का जहाँ अधिक प्रयोग हो, वह युद्ध भी ‘यन्त्रमुक्त’ ही कहलाता है।) प्रस्तरखण्ड और तोमर- यन्त्र आदि को ‘पाणिमुक्त’ कहा गया है। भाला आदि जो अस्त्र शत्रु पर छोड़ा जाय और फिर उसे हाथ में ले लिया जाय, उसे ‘मुक्तसंधारित’ समझना चाहिये। खड्ग (तलवार आदि) को ‘अमुक्त’ कहते हैं और जिसमें अस्त्र-शस्त्रों का प्रयोग न करके मल्लों की भाँति लड़ा जाय, उस युद्ध को ‘नियुद्ध’ या ‘बाहुयुद्ध’ कहते हैं ॥ १-५ ॥’ युद्ध की इच्छा रखने वाला पुरुष श्रम को जीते और योग्य पात्रों का संग्रह करे। जिनमें धनुष- बाण का प्रयोग हो, वे युद्ध श्रेष्ठ कहे गये हैं; जिनमें भालों की मार हो, वे मध्यम कोटि के हैं। जिनमें खड्गों से प्रहार किया जाय, वे निम्नश्रेणी के युद्ध हैं और बाहुयुद्ध सबसे निकृष्ट कोटि के अन्तर्गत हैं। धनुर्वेद में क्षत्रिय और वैश्य – इन दो वर्णों का भी गुरु 4 ब्राह्मण ही बताया गया है। आपत्तिकाल में स्वयं शिक्षा लेकर शूद्र को भी युद्ध का अधिकार प्राप्त है। देश या राष्ट्र में रहनेवाले वर्णसंकरों को भी युद्ध में राजा की सहायता करनी चाहिये 5 ॥ ६-८ ॥ स्थान- वर्णन – अङ्गुष्ठ, गुल्फ, पार्ष्णिभाग और पैर — ये एक साथ रहकर परस्पर सटे हुए हों तो लक्षण के अनुसार इसे ‘समपद’ नामक स्थान 6 कहते हैं। दोनों पैर बाह्य अङ्गुलियों के बल पर स्थित हों, दोनों घुटने स्तब्ध हों तथा दोनों पैरों के बीच का फैसला तीन बित्ता हो, तो यह ‘वैशाख’ नामक स्थान कहलाता है। जिसमें दोनों घुटने हंसपंक्ति के आकार की भाँति दिखायी देते हों और दोनों में चार बित्ते का अन्तर हो, वह ‘मण्डल’ स्थान माना गया है। जिसमें दाहिनी जाँघ और घुटना स्तब्ध (तना हुआ) हो और दोनों पैरों के बीच का विस्तार पाँच बित्ते का हो, उसे ‘आलीढ़’ नामक स्थान कहा गया है। इसके विपरीत जहाँ बायीं जाँघ और घुटना स्तब्ध हों तथा दोनों पैरों के बीच का विस्तार पाँच बित्ता हो, वह ‘प्रत्यालीढ़’ नामक स्थान है जहाँ बायाँ पैर टेढ़ा और दाहिना सीधा हो तथा दोनों गुल्फ और पार्ष्णिभाग पाँच अङ्गुल के अन्तर पर स्थित हों तो यह बारह अङ्गुल बड़ा ‘स्थानक’ कहा गया है। यदि बायें पैर का घुटना सीधा हो और दाहिना पैर भलीभाँति फैलाया गया हो अथवा दाहिना घुटना कुब्जाकार एवं निश्चल हो या घुटने के साथ ही दायाँ चरण दण्डाकार विशाल दिखायी दे तो ऐसी स्थिति में ‘विकट’ नामक स्थान कहा गया है। इसमें दोनों पैरों का अन्तर दो हाथ बड़ा होता है। जिसमें दोनों घुटने दुहरे और दोनों पैर उत्तान हो जायें, इस विधान के योग से जो ‘स्थान’ बनता है, उसका नाम ‘सम्पुट’ है। जहाँ कुछ घूमे हुए दोनों पैर समभाव से दण्ड के समान विशाल एवं स्थिर दिखायी दें, वहाँ दोनों के बीच की लंबाई सोलह अङ्गुल की ही देखी गयी है। यह स्थान का यथोचित स्वरूप है ॥ ९-१८ ॥ ब्रह्मन् ! योद्धाओं को चाहिये कि पहले बायें हाथ में धनुष और दायें हाथ में बाण लेकर उसे चलायें और उन छोड़े हुए बाणों को स्वस्तिकाकार करके उनके द्वारा गुरुजनों को प्रणाम करें। धनुष का प्रेमी योद्धा ‘वैशाख’ स्थान के सिद्ध हो जाने पर ‘स्थिति’ (वर्तमान) या ‘आयति’ (भविष्य) में जब आवश्यकता हो, धनुष पर डोरी को फैलाकर धनुष की निचली कोटि और बाण के फलदेश को धरती पर टिकाकर रखे और उसी अवस्था में मुड़ी हुई दोनों भुजाओं एवं कलाइयों द्वारा नापे। उत्तम व्रत का पालन करनेवाले वसिष्ठ उस योद्धा के बाण से धनुष सर्वथा बड़ा होना चाहिये और मुष्टि के सामने बाण के पुछ तथा धनुष के डंडे में बारह अङ्गुल का अन्तर होना चाहिये। ऐसी स्थिति हो तो धनुर्दण्ड को प्रत्यञ्चा से संयुक्त कर देना चाहिये। वह अधिक छोटा या बड़ा नहीं होना चाहिये ॥ १९-२३ ॥ धनुष को नाभिस्थान में और बाण-संचय को नितम्ब पर रखकर उठे हुए हाथ को आँख और कान के बीच में कर ले तथा उस अवस्था में बाण को फेंके। पहले बाण को मुट्ठी में पकड़े और उसे दाहिने स्तनाग्र की सीध में रखे। तदनन्तर उसे प्रत्यञ्चा पर ले जाकर उस मौर्वी (डोरी या प्रत्यञ्चा) – को खींचकर पूर्णरूप से फैलावे। प्रत्यचा न तो भीतर हो न बाहर, न ऊँची हो न नीची, न कुबड़ी हो न उत्तान न चञ्चल हो न अत्यन्त आवेष्टित । वह सम, स्थिरता से युक्त और दण्ड की भाँति सीधी होनी चाहिये। इस प्रकार पहले इस मुष्टि के द्वारा लक्ष्य को आच्छादित करके बाण को छोड़ना चाहिये ॥ २४-२७ ॥ धनुर्धर योद्धा को यत्नपूर्वक अपनी छाती ऊँची रखनी चाहिये और इस तरह झुककर खड़ा होना चाहिये, जिससे शरीर त्रिकोणाकार जान पड़े। कंधा ढीला, ग्रीवा निश्चल और मस्तक मयूर की भाँति शोभित हो। ललाट, नासिका, मुख, बाहुमूल और कोहनी-ये सम अवस्था में रहें। ठोढ़ी और कंधे में तीन अङ्गुल का अन्तर समझना चाहिये। पहली बार तीन अङ्गुल, दूसरी बार दो अङ्गुल और तीसरी बार ठोढ़ी तथा कंधे का अन्तर एक ही अङ्गुल का बताया गया है ॥ २८-३० ॥ बाण को पुङ्छ की ओर से तर्जनी एवं अँगूठे से पकड़े। फिर मध्यमा एवं अनामिका से भी पकड़ ले और तब तक वेगपूर्वक खींचता रहे, जबतक पूरा- पूरा बाण धनुष पर न आ जाय ऐसा उपक्रम करके विधिपूर्वक बाण को छोड़ना चाहिये ॥ ३१-३२ ॥ सुव्रत ! पहले दृष्टि और मुष्टि से आहत हुए लक्ष्य को ही बाण से विदीर्ण करे। बाण को छोड़कर पिछला हाथ बड़े वेग से पीठ की ओर ले जाय; क्योंकि ब्रह्मन् ! यह ज्ञात होना चाहिये कि शत्रु इस हाथ को काट डालने की इच्छा करते हैं। अतः धनुर्धर पुरुष को चाहिये, धनुष को खींचकर कोहनी के नीचे कर ले और बाण छोड़ते समय उसके ऊपर करे। धनुःशास्त्र – विशारद पुरुषों को यह विशेष- रूप से जानना चाहिये। कोहनी का आँख से सटाना मध्यम श्रेणी का बचाव है और शत्रु के लक्ष्य से दूर रखना उत्तम है ॥ ३३-३५ ॥ उत्तम श्रेणी का बाण बारह मुष्टियों के माप का होना चाहिये। ग्यारह मुष्टियों का ‘मध्यम’ और दस मुष्टियों का ‘कनिष्ठ’ माना गया है। धनुष चार हाथ लंबा हो तो ‘उत्तम’, साढ़े तीन हाथ का हो तो ‘मध्यम’ और तीन हाथ का हो तो ‘कनिष्ठ’ कहा गया है। पैदल योद्धा के लिये सदा तीन हाथ के ही धनुष को ग्रहण करने का विधान है। घोड़े, रथ और हाथी पर श्रेष्ठ धनुष का ही प्रयोग करने का विधान किया गया है ॥ ३६-३७ ॥ ॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘धनुर्वेद’ का वर्णन’ नामक दो सौ उनचासवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ २४९ ॥ 1. ‘धनुर्वेद यजुर्वेद का उपवेद है। प्राचीनकाल में प्राय: सभी सभ्य देशों में इस विद्या का प्रचार था। भारतवर्ष में इस विद्या के बड़े-बड़े ग्रन्थ थे, जिन्हें क्षत्रियकुमार अभ्यासपूर्वक पढ़ते थे। आजकल वे ग्रन्थ प्रायः लुप्त हो गये हैं। कुछ थोड़े-से ग्रन्थों में इस विद्या का संक्षिप्त वर्णन मिलता है। जैसे शुक्रनीति, कामन्दकीय नीतिसार, अग्निपुराण, वीरचिन्तामणि, वृद्ध शालंधर, युद्धजयार्णव, बुतिकल्पतरु तथा नीतिमयूष आदि। ‘धनुर्वेद संहिता’ नामक एक अलग भी पुस्तक मिलती है। नेपाल (काठमाण्डू) गोरखनाथ मठ के महन्त योगी नरहरिनाथ ने भी धनुर्वेद की एक प्राचीन पुस्तक उपलब्ध की है। कुछ विद्वान् ब्रह्मा और महेश्वर से इस उपवेद का प्रादुर्भाव मानते हैं, परन्तु मधुसूदन सरस्वती का कथन है कि ‘विश्वामित्र ने जिस धनुर्वेद का प्रकाश किया था, यजुर्वेद का उपवेद वही है।’ ‘वीरचिन्तामणि’ में धनुर्वेद की बड़ी प्रशंसा की गयी है। ‘धनुर्वेद संहिता’ में लिखा है कि ‘दुष्टों, दस्युओं और चोर आदि से साधुपुरुषों का संरक्षण और धर्मानुसार प्रजापालन ‘धनुर्वेद का प्रयोजन है’ अग्निपुराण के इन चार अध्यायों में धनुर्वेद-विषयक महत्त्वपूर्ण बातों पर संक्षेप से ही प्रकाश डाला गया है। धनुर्वेद पर इस समय जो ग्रन्थ उपलब्ध होते हैं, उनसे अग्निपुराणगत धनुर्वेद का पाठ नहीं मिलता। विश्वकोष ‘धनुर्वेद’ शब्द पर अग्निपुराण के ये ही चार अध्याय उद्धृत किये गये हैं। कतिपय हस्तलिखित प्रतियों के अनुसार जो पाठ- भेद उपलब्ध हुए हैं, उन्हें दृष्टि में रखते हुए इन अध्यायों का अविकल अनुवाद करने की चेष्टा की गयी है। साङ्गवेद विद्यालय, काशी के नैयायिक विद्वान् श्रीहेबूवर शास्त्री काश्मीर पुस्तकालय से अग्निपुराण के धनुर्वेद-प्रकरण पर कुछ पाठ भेद संग्रह करके लाये थे, उससे भी इस प्रकरण को लगाने में सहयोग मिला है। तथापि कुछ शब्द अस्पष्ट रह गये हैं। माननीय विद्वानों को धनुर्वेद के विषय में विशेष ध्यान देकर अनुसंधान करना कराना चाहिये, जिससे भारत की इस प्राचीन विद्या का पुनरुद्धार हो सके। (अनुवादक) 2. महाभारत, आदिपर्व, अध्याय २२०, श्लोक ७२ में लिखा है कि ‘शत्रुदमन बालक अभिमन्यु ने वेदों का ज्ञान प्राप्त करके अपने पिता अर्जुन से चार पादों और दशविध अङ्गों से युक्त दिव्य एवं मानुष- सब प्रकार के धनुर्वेद का ज्ञान प्राप्त कर लिया । इन चार पादों को स्पष्ट करते हुए आचार्य नीलकण्ठ ने ‘मन्त्रमुक्त’, ‘पाणिमुक्त’, ‘मुक्तामुक्त’ और ‘अमुक्त’ — इन चार नामों का निर्देश किया है। परंतु मधुसूदन सरस्वती ने अपने ‘प्रस्थानभेद’ में धनुर्वेद का जो संक्षिप्त विवरण दिया है, उसमें चार पादों का उल्लेख इस प्रकार हुआ है — दीक्षापाद, संग्रहपाद, सिद्धिपाद और प्रयोगपाद पूर्वोक्त मन्त्रमुक्त आदि भेद आयुधों के हैं, वे पादों के नाम नहीं हैं। अग्निपुराण में चार पादों के नाम का निर्देश नहीं है। ‘मन्त्रमुक्त के स्थान पर वहाँ ‘यन्त्रमुक्त’ पाठ है और ‘मुक्तामुक्त के स्थान पर ‘मुक्तसंधारित’। इन चारों के साथ बाहुयुद्ध को भी जोड़कर अग्निपुराण में धनुर्वेद, अस्त्र या युद्ध के पाँच प्रकार ही निर्दिष्ट किये गये हैं। अतः धनुर्वेद के चार पाद उपर्युक्त दीक्षा आदि ही ठीक जान पड़ते हैं। 3. महाभारत में चतुष्पादं दशविधम्’ कहकर धनुर्वेद के दस प्रकार कहे गये हैं। परंतु अग्निपुराण से उसका कोई विरोध नहीं है। अग्निपुराण में अस्त्र या युद्ध के पाँच प्रकारों को दृष्टि में रखकर ही वे भेद निर्दिष्ट हुए हैं। किंतु महाभारत में धनुर्वेद के दस अङ्ग को लेकर ही दस भेदों का कथन हुआ है। उन दस अङ्गों के नाम नीलकण्ठ ने इस प्रकार लिखे हैं — आदान, संधान, मोक्षण, निवर्तन, स्थान, मुष्टि, प्रयोग प्रायश्चित्त, मण्डल तथा रहस्य इन सब का परिचय इस प्रकार है — तरकस से बाण को निकालना ‘आदान’ है उसे धनुष को प्रत्यंचा पर रखना ‘संधान’ है। लक्ष्य पर छोड़ना ‘मोक्षण’ कहा गया है। यदि बाण छोड़ देने के बाद यह मालूम हो जाय कि हमारा विपक्षी निर्बल या शस्त्रहीन है, तो वीर पुरुष मन्त्रशक्ति से उस बाण को लौटा लेते हैं। इस प्रकार छोड़े हुए अस्त्र को लौटा लेना ‘निवर्तन’ कहलाता है। धनुष या उसकी प्रत्यंचा के धारण अथवा शरसंधानकाल में धनुष और प्रत्यंचा के मध्यदेश को ‘स्थान’ कहा गया है। तीन या चार अंगुलियों का सहयोग ही ‘मुष्टि’ है तर्जनी और मध्यमा अँगुली से अथवा मध्यमा और अङ्गुष्ठ से वाण का संधान करना ‘प्रयोग’ कहलाता है स्वतः या दूसरे से प्राप्त होने वाले व्याघात (प्रत्यंचा के आघात) और बाण के आघात को रोकने के लिये जो दस्ताने आदि का प्रयोग किया जाता है, उसका नाम ‘प्रायश्चित्त’ है। चक्राकार घूमते हुए रथ के साथ-साथ घूमनेवाले लक्ष्य का वेध ‘मण्डल’ कहलाता है। शब्द के आधार पर लक्ष्य बींधना अथवा एक ही समय अनेक लक्ष्यों को बाँध डालना ये सब ‘रहस्य के अन्तर्गत हैं। 4. ‘गुरु’ शब्द का अर्थ है — धनुर्वेद की शिक्षा देने वाला आचार्य ‘धनुर्वेदसंहिता’ में सात प्रकार के युद्धों का उल्लेख करके उन सातों के ज्ञाता को ‘आचार्य’ कहा गया है — आचार्यः सप्तयुद्धः स्यात्।’ धनुष, चक्र, कुन्त, खड़, क्षुरिका, गदा और बाहु — इन सातों से किये जाने वाले युद्ध को हो ‘सात प्रकार का युद्ध’ कहते हैं। 5. ‘वीरचिन्तामणि’ के ६-७ श्लोकों में कहा गया कि आचार्य ब्राह्मण शिष्य को धनुष, क्षत्रिय को खङ्ग, वैश्य को कुन्त (भाला) और शूद्र को गदा की शिक्षा प्रदान करे।’ इससे भी सूचित होता है कि अस्त्र-विद्या और युद्ध की शिक्षा सभी वर्ण के लोगों को दी जाती थी। अग्निपुराण के अनुसार वर्णसंकर भी इसकी शिक्षा पाते थे और युद्ध में राष्ट्र की रक्षा के लिये राजा की सहायता करते थे। 6. ‘वीरचिन्तामणि’ आदि ग्रन्थों में आठ प्रकार के ‘स्थानों’ पाँच प्रकार को ‘मुष्टियों’ तथा पांच तरह के ‘व्याम’ का वर्णन उपलब्ध होता है। अग्निपुराण में मुष्टि’ और ‘व्याम’ के भेद नहीं हैं। अगले अध्याय के पाँचवें श्लोक में ‘सिंहकर्ण’ नामक मुष्टि की चर्चा अवश्य की गयी है। परंतु स्थान के आठों भेदों का लक्षणसहित वर्णन उपलब्ध होता है। इस वर्णन को देखते हुए ‘स्थान’ शब्द का अभिप्राय योद्धाओं के युद्धस्थल में खड़े होने का ढंग जान पड़ता है। योद्धाओं को किस-किस ढंग से खड़ा होना चाहिये और कौन-सा ढंग कम उपयोगी होता है इसी की ओर इस प्रसङ्ग में संकेत किया गया है। Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe