June 15, 2025 | aspundir | Leave a comment अग्निपुराण – अध्याय 088 ॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥ ॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ अठासीवाँ अध्याय निर्वाण–दीक्षा की अवशिष्ट विधि का वर्णन निर्वाणदीक्षाकथनम् भगवान् शंकर कहते हैं — स्कन्द ! विशुद्ध शान्तिकला के साथ शान्त्यतीतकला का संधान करे। उसमें भी पूर्ववत् तत्त्व और वर्ण आदि का चिन्तन करना चाहिये, जैसा कि नीचे बताया जाता है। संधानकाल में इस मन्त्र का उच्चारण करे- ॐ हां हाँ हूँ हां।’ शान्त्यतीतकला में शिव और शक्ति-दो तत्त्व हैं। आठ भुवन हैं, जिनके नाम इस प्रकार हैं- इन्धक, दीपक, रोचक, मोचक, ऊर्ध्वगामी, व्योमरूप, अनाथ और आठवाँ अनाश्रित । ॐकार पद है, ईशान मन्त्र है, अकार से लेकर विसर्ग तक सोलह अक्षर हैं, नाद और हकार- ये दो बीज हैं, कुहू और शङ्खिनी – दो नाड़ियाँ हैं, देवदत्त और धनञ्जय-दो प्राणवायु हैं, वाक् और श्रोत्र- दो इन्द्रियाँ हैं, शब्द विषय है, गुण भी वही है और अवस्था पाँचवीं तुरीयातीता है ॥ १-६ ॥’ सदाशिव देव ही एकमात्र हेतु हैं। इस’तत्त्वादिसंचय की शान्त्यतीतकला में स्थिति है, ऐसा चिन्तन करके ताड़न आदि कर्म करे। ‘फडन्त’ मन्त्र से कला पाश का ताड़न और बोधन करके नमस्कारान्त-मन्त्र से शिष्य के अन्तःकरण में प्रवेश करे। इसके बाद फडन्त मन्त्र से जीवचैतन्य को पाश से वियुक्त करे। वषट्’ और ‘नमः’ पदों से सम्पुटित, स्वाहान्त- मन्त्र का उच्चारण करके, अंकुशमुद्रा तथा पूरक प्राणायाम द्वारा पाश का मस्तकसूत्र से आकर्षण करके, कुम्भक प्राणायाम द्वारा उसे लेकर, रेचक प्राणायाम एवं उद्भव मुद्रा द्वारा हृदय-मन्त्र से सम्पुटित नमस्कारान्त-मन्त्र से उसका अग्रिकुण्ड में स्थापन करे। इसका पूजन आदि सब कार्य निवृत्तिकला के समान ही सम्पन्न करे। सदाशिव का आवाहन, पूजन और तर्पण करके उनसे भक्तिपूर्वक इस प्रकार निवेदन करे — “भगवन्! इस ‘साद’ संज्ञक मुमुक्षु को तुम्हारे अधिकार में दीक्षित करता हूँ। तुम्हें सदा इसके अनुकूल रहना चाहिये “ ॥ ७-१२ ॥ फिर माता-पिता का आवाहन, पूजन एवं तर्पण संनिधान करके हृदय – सम्पुटित आत्मबीज से शिष्य के वक्षःस्थल में ताड़न करे। मन्त्र इस प्रकार है — ‘ॐ हां हां हां हः हूं फट् ‘ इसी मन्त्र से शिष्य के हृदय में प्रवेश करके अस्त्र-मन्त्र द्वारा पाशयुक्त चैतन्य का उस पाश से वियोजन करे। फिर ज्येष्ठा अङ्कुरा- मुद्रा द्वारा सम्पुटित उसी स्वाहान्त- मन्त्र से उसका आकर्षण और ग्रहण करके ‘नमोऽन्त’ मन्त्र से उसे अपने आत्मा में नियोजित करे। आकर्षण मन्त्र तो वही ‘ॐ हां हां हां हः हूं फट् ‘ है, परंतु आत्म-नियोजन का मन्त्र इस प्रकार है — ॐ हां हां हामात्मने नमः।’ पूर्ववत् वामा उद्भव मुद्रा द्वारा माता-पिता के संयोग की भावना करके इसी मन्त्र से उस जीवचैतन्य का देवी के गर्भ में स्थापन करे। तदनन्तर पूर्वोक्त विधि से गर्भाधान आदि सब संस्कार करे । पाशबन्धन की शिथिलता के लिये प्रायश्चित्त के रूप में मूल मन्त्र से सौ आहुतियाँ दे (अथवा मूल- मन्त्र का सौ बार जप करे ) ॥ १३-२० ॥ मलशक्ति के तिरोधान और पाशों के वियोजन के निमित्त अस्त्र-मन्त्र से पूर्ववत् पाँच-पाँच आहुतियाँ दे। कला-सम्बन्धी बीज से युक्त आयुध-मन्त्र से सात बार अभिमन्त्रित की हुई कटाररूप अस्त्र से पाशों का छेदन करे। उसके लिये मन्त्र इस प्रकार है — ॐ हः हां शान्त्यतीतकलापाशाय हूं फट्। तदनन्तर अस्त्र-मन्त्र से पूर्ववत् उन पाशों को मसलकर, वर्तुलाकार बनाकर, घी से भरे हुए स्रुव में रख दे और कला सम्बन्धी अस्त्र-मन्त्र के द्वारा ही उसका हवन करे। फिर पाशाङ्कुर की निवृत्ति के लिये अस्त्र-मन्त्र से पाँच और प्रायश्चित्त-निषेध के लिये आठ आहुतियाँ दे । इसके बाद हृदय- मन्त्र से सदाशिव का आवाहन एवं पूजन और तर्पण करके पूर्वोक्त विधि से अधिकार समर्पण करे। उसका मन्त्र इस प्रकार है — ॐ हां सदाशिव मनोबिन्दुं शुल्कं गृहाण स्वाहा । ‘ ॥ २१-२७ ॥ तत्पश्चात् उन्हें भी निम्नाङ्कित रूप से शिव की आज्ञा सुनावे – ‘सदाशिव ! इस पशु के सारे पाप दग्ध हो गये हैं। अतः अब आपको इसे बन्धन में डालने के लिये यहाँ नहीं ठहरना चाहिये।’ मूल- मन्त्र से पूर्णाहुति दे और सदाशिव का विसर्जन करे। तत्पश्चात् गुरु शिष्य के शरत्कालिक चन्द्रमा के समान उदित विशुद्ध जीवात्मा को रौद्री संहार- मुद्रा के द्वारा अपने आत्मा में संयोजित करके आत्मस्थ कर ले। शिष्य के शरीरस्थ जीवात्मा का उद्भव मुद्रा द्वारा उत्थान या उद्धार करके उसके पोषण के लिये शिष्य के मस्तक पर अर्घ्य–जल की एक बूँद स्थापित करे। इसके बाद परम भक्तिभाव से क्षमा-प्रार्थना करके माता पिता का विसर्जन करे। विसर्जन के समय इस प्रकार कहे मैंने शिष्य को दीक्षा देने के लिये जो आप दोनों माता-पिता को खेद पहुँचाया है, उसके लिये मुझे कृपापूर्वक क्षमादान देकर आप दोनों अपने स्थान को पधारें ॥ २८-३२ ॥ वषट् मन्त्र से अभिमन्त्रित कर्तरी (कटार) – द्वारा शिवास्त्र से शिष्य की चार अङ्गुल बड़ी बोधशक्तिस्वरूपिणी शिखा का छेदन करे। छेदन के मन्त्र इस प्रकार हैं— ‘ॐ हूं शिखायै हूं फट् ।’ ‘ॐ अस्त्राय हूं फट् ।’ उसे घृतपूर्ण स्रुक् में रखकर ‘हूं फट् ‘ अन्तवाले अस्त्र-मन्त्र से अग्नि में होम दे। मन्त्र इस प्रकार है — ‘ॐ ॐ1 हः अस्त्राय हूं फट् ।’ इसके बाद स्रुक् और स्रुवा को धोकर शिष्य को स्नान करवाने के पश्चात् स्वयं भी आचमन करे और योजनिका अथवा योजना- स्थान के लिये अस्त्र-मन्त्र से अपने आप का ताड़न करे। तत्पश्चात् वियोजन, आकर्षण और संग्रहण करके पूर्ववत् द्वादशान्त 2 (ललाट के ऊपरी भाग)- से जीवचैतन्य को ले आकर अपने हृदय कमल की कर्णिका में स्थापित करे ॥ ३३-३८ ॥ स्रुक् को घी से भरकर और उसके ऊपर अधोमुख स्रुव रखकर शङ्खतुल्य मुद्रा द्वारा नित्योक्त विधि से हाथ में ले। तत्पश्चात् नादोच्चारण के अनुसार मस्तक और ग्रीवा फैलाकर दृष्टि को समभाव से रखते हुए स्थिर, शान्त एवं परमभाव से सम्पन्न हो कलश, मण्डल, अग्नि, शिष्य तथा अपने आत्मा से भी छः प्रकार के अध्वा को ग्रहण करके, स्रुक् के अग्रभाग में प्राणमयी नाड़ी के भीतर स्थापित करके, उसी भाव से उसका चिन्तन करे। इस प्रकार चिन्तन करके क्रमशः सात प्रकार के विषुव का ध्यान करे। उन सातों का परिचय इस प्रकार है — पहला ‘प्राणसंयोगस्वरूप’ है और दूसरा हृदयादि-क्रम से उच्चारित मन्त्रसंज्ञक है। तीसरा सुषुम्णा में अनुगत ‘नाद या नाड़ी’ रूप है। नाड़ी सम्बद्ध नाद का जो शक्ति में लय होना है, उसको ‘प्रशान्त विषुव’ कहते हैं। शक्ति में लीन हुए नाद का पुनः उज्जीवन होकर जो ऊपर को संचार और समता में लय होता है, उसे ‘शक्ति’ नामक विषुव कहा गया है। सम्पूर्ण नाद का शक्ति की सीमा को लाँघकर उन्मनी में लीन होना ‘काल- विषुव’ कहलाता है। यह छठा है। यह शक्ति से अतीत होता है। सातवाँ विषुव है – ‘तत्त्वसंज्ञक’। यही योजना स्थान है ॥ ३९-४५१/२ ॥ पूरक और कुम्भक करके मुँह को थोड़ा खोलकर धीरे-धीरे मूल मन्त्र का उच्चारण करते हुए भावना द्वारा शिष्यात्मा का लय करे। उसका क्रम यों है — विद्युत्सदृश छहों अध्वाओं के प्राणस्वरूप में ‘फट्कार’ का चिन्तन करे। नाभि से ऊपर एक बित्ते का स्थान ‘फट्कार’ है, जो प्राण का स्थान माना गया है। उससे ऊपर हृदय से चार अङ्गुल की दूरी पर ‘अकार’ का चिन्तन करना चाहिये (यह ब्रह्मा का बोधक है)। उससे आठ अङ्गुल ऊपर कण्ठ में विष्णु का वाचक ‘उकार’ है, उससे भी चार अङ्गुल ऊंचे तालु- स्थान में रुद्रवाचक ‘मकार’ की स्थिति है। इसी प्रकार ललाट के मध्यभाग में ईश्वर वाचक ‘बिन्दु का’ स्थान है। ललाट से ऊपर ब्रह्मरन्ध्र पर्यन्त नादमय सदाशिव देव विराजमान हैं। उनके साथ ही वहाँ उनकी शक्ति भी विद्यमान है। उपर्युक्त तत्त्वों का क्रमशः चिन्तन और त्याग करते हुए अन्ततोगत्वा शक्ति को भी त्याग दे। वहीं दिव्य पिपीलिका-स्पर्श का अनुभव करके ललाट के ऊपर के प्रदेश में परम तत्त्व, परमानन्दस्वरूप, भावशून्य, मनोऽतीत, नित्य गुणोदयशाली शिवतत्त्व में शिष्यात्मा के विलीन होने की भावना करे ॥ ४६-५२१/२ ॥ परम शिव में योजनिका की स्थिरता के लिये ‘ॐ नमः शिवाय वौषट् ।’ — इस मन्त्र का उच्चारण करते हुए अग्नि की ज्वाला में घी की धारा छोड़ता रहे। फिर विधिपूर्वक पूर्णाहुति देकर गुणापादन करे । उसकी विधि इस प्रकार है । निम्नाङ्कित मन्त्रों को पढ़कर अग्नि में आहुतियाँ दे — ‘ॐ हां आत्मन् सर्वज्ञो भव स्वाहा ।’ ‘ॐ हीं आत्मन् नित्यतृप्तो भव स्वाहा ।’ ‘ॐ हूं आत्मन् अनादिबोधो भव स्वाहा ।’ ‘ॐ हैं आत्मन् स्वतन्त्रो भव स्वाहा ।’ ‘ॐ हौं आत्मन् अलुप्तशक्तिर्भव स्वाहा ।’ ‘ॐ हः आत्मन् अनन्तशक्तिर्भव स्वाहा ।’ इस प्रकार छः गुणों से सम्पन्न आत्मा को अविनाशी परमशिव से लेकर विधिवत् भावनापूर्वक शिष्य के शरीर में नियोजित करे। तीव्र और मन्द शक्तिपातजनित श्रम की शान्ति के लिये शिष्य के मस्तक पर न्यासपूर्वक अमृत-बिन्दु अर्पित करे ॥ ५३-५७ ॥ ईशान – कलश आदि के रूप में पूजित शिवस्वरूप कलशों को नमस्कार करके दक्षिणमण्डल में शिष्य को अपने दाहिने उत्तराभिमुख बिठावे और देवेश्वर शिव से प्रार्थना करे — ‘प्रभो! मेरी मूर्ति में स्थित हुए इस जीव को आपने ही अनुगृहीत किया है; अतः नाथ! देवता, अग्नि तथा गुरु में इसकी भक्ति बढ़ाइये’ ॥ ५८-५९ ॥ इस प्रकार प्रार्थना करके देवेश्वर शिव को प्रणाम करने के अनन्तर गुरु स्वयं शिष्य को आदरपूर्वक यह आशीर्वाद दे कि ‘तुम्हारा कल्याण हो’। इसके बाद भगवान् शिव को उत्तम भक्तिभाव से आठ फूल चढ़ाकर शिव कलश के जल से शिष्य को स्नान करवावे और यज्ञ का विसर्जन करे ॥ ६०-६१ ॥ ॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘निर्वाण-दीक्षा का वर्णन’ नामक अठासीवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ८८ ॥ 1. “कहीं-कहीं ‘हौं’ पाठ है। 2. अगुलविस्तृतस्य ललाटस्योध्यप्रदेशो द्वादशान्तपदेनोच्यते।’ अर्थात् ‘अङ्गुल विस्तारवाले ललाट का ऊर्ध्वदेश ‘द्वादशान्त’ पद से कथित होता है।’ (‘नित्याषोडशिकार्णव’ ८।५५ पर भास्कररायकी सेतुबन्ध – व्याख्या) Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe