अग्निपुराण – अध्याय 038
॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥
अड़तीसवाँ अध्याय
देवालय निर्माण से प्राप्त होनेवाले फल आदि का वर्णन
देवालयनिर्माणफलादि

अग्निदेव कहते हैं — मुनिवर वसिष्ठ ! भगवान् वासुदेव आदि विभिन्न देवताओं के निमित्त मन्दिर का निर्माण कराने से जिस फल आदि की प्राप्ति होती है, अब मैं उसी का वर्णन करूँगा। जो देवता के लिये मन्दिर जलाशय आदि के निर्माण कराने की इच्छा करता है, उसका वह शुभ संकल्प ही ‘उसके हजारों जन्मों के पापों का नाश कर देता है। जो मन से भावना द्वारा भी मन्दिर का निर्माण करते हैं, उनके सैकड़ों जन्मों के पापों का नाश हो जाता है। जो लोग भगवान् श्रीकृष्ण के लिये किसी दूसरे के द्वारा बनवाये जाते हुए मन्दिर के निर्माण- कार्य का अनुमोदन मात्र कर देते हैं, वे भी समस्त पापों से मुक्त हो उन अच्युतदेव के लोक (वैकुण्ठ अथवा गोलोकधाम को) प्राप्त होते हैं। भगवान् विष्णु के निमित्त मन्दिर का निर्माण करके मनुष्य अपने भूतपूर्व तथा भविष्य में होने वाले दस हजार कुलों को तत्काल विष्णुलोक में जाने का अधिकारी बना देता है। श्रीकृष्ण मन्दिर का निर्माण करने वाले मनुष्य के पितर नरक के क्लेशों से तत्काल छुटकारा पा जाते हैं और दिव्य वस्त्राभूषणों से अलंकृत हो बड़े हर्ष के साथ विष्णुधाम में निवास करते हैं। देवालय का निर्माण ब्रह्महत्या आदि पापों के पुञ्ज का नाश करने वाला है ॥ १-५ ॥’

यज्ञों से जिस फल की प्राप्ति नहीं होती है, वह भी देवालय का निर्माण कराने मात्र से प्राप्त हो जाता है। देवालय का निर्माण करा देने पर समस्त तीर्थों में स्नान करने का फल प्राप्त हो जाता है। देवता- ब्राह्मण आदि के लिये रणभूमि में मारे जाने वाले धर्मात्मा शूरवीरों को जिस फल आदि की प्राप्ति होती है, वही देवालय के निर्माण से भी सुलभ होता है। कोई शठता (कंजूसी) के कारण धूल-मिट्टी से भी देवालय बनवा दे तो वह उसे स्वर्ग या दिव्यलोक प्रदान करने वाला होता है। एकायतन (एक ही देवविग्रह के लिये एक कमरे का) मन्दिर बनवाने वाले पुरुष को स्वर्गलोक की प्राप्ति होती है। त्र्यायतन मन्दिर का निर्माता ब्रह्मलोक में निवास पाता है। पञ्चायतन मन्दिर का निर्माण करने वाले को शिवलोक की प्राप्ति होती है और अष्टायतन- मन्दिर के निर्माण से श्रीहरि की संनिधि में रहने का सौभाग्य प्राप्त होता है। जो षोडशायतन मन्दिर का निर्माण कराता है, वह भोग और मोक्ष, दोनों पाता है। श्रीहरि के मन्दिर की तीन श्रेणियाँ हैं- कनिष्ठ, मध्यम और श्रेष्ठ इनका निर्माण कराने से क्रमशः स्वर्गलोक, विष्णुलोक तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। धनी मनुष्य भगवान् विष्णु का उत्तम श्रेणी का मन्दिर बनवाकर जिस फल को प्राप्त करता है, उसे ही निर्धन मनुष्य निम्नश्रेणी का मन्दिर बनवाकर भी प्राप्त कर लेता है। धन- उपार्जन कर उसमें से थोड़ा सा ही खर्च करके यदि मनुष्य देव मन्दिर बनवा ले तो बहुत अधिक पुण्य एवं भगवान् का वरदान प्राप्त करता है। एक लाख या एक हजार या एक सौ अथवा उसका आधा (५०) मुद्रा ही खर्च करके भगवान् विष्णु का मन्दिर बनवाने वाला मनुष्य उस नित्य धाम को प्राप्त होता है, जहाँ साक्षात् गरुड की ध्वजा फहराने वाले भगवान् विष्णु विराजमान होते हैं ॥ ६-१२ १/२

जो लोग बचपन में खेलते समय धूलि से भगवान् विष्णु का मन्दिर बनाते हैं, वे भी उनके धाम को प्राप्त होते हैं। तीर्थ में, पवित्र स्थान में, सिद्धक्षेत्र में तथा किसी आश्रम पर जो भगवान् विष्णु का मन्दिर बनवाते हैं, उन्हें अन्यत्र मन्दिर बनाने का जो फल बताया गया है, उससे तीन गुना अधिक फल मिलता है। जो लोग भगवान् विष्णु के मन्दिर को चूने से लिपाते और उस पर बन्धूक के फूल का चित्र बनाते हैं, वे अन्त में भगवान्‌ के धाम में पहुँच जाते हैं। भगवान्‌ का जो मन्दिर गिर गया हो, गिर रहा हो, अथवा आधा गिर चुका हो, उसका जो मनुष्य जीर्णोद्धार करता है, वह नवीन मन्दिर बनवाने की अपेक्षा दूना पुण्यफल प्राप्त करता है। जो गिरे हुए विष्णु मन्दिर को पुनः बनवाता और गिरे हुए की रक्षा करता है, वह मनुष्य साक्षात् भगवान् विष्णु का स्वरूप प्राप्त करता है। भगवान् के मन्दिर की ईंटें जबतक रहती हैं, तबतक उसका बनवाने वाला विष्णुलोक में कुलसहित प्रतिष्ठित होता है। इस संसार में और परलोक में वही पुण्यवान् और पूजनीय है ॥ १३-२० ॥

जो भगवान् श्रीकृष्ण का मन्दिर बनवाता है, वही पुण्यवान् उत्पन्न हुआ है, उसी ने अपने कुल की रक्षा की है। जो भगवान् विष्णु, शिव, सूर्य और देवी आदि का मन्दिर बनवाता है, वही इस लोक में कीर्ति का भागी होता है। सदा धन की रक्षा में लगे रहनेवाले मूर्ख मनुष्य को बड़े कष्ट से कमाये हुए अधिक धन से क्या लाभ हुआ, यदि वह उससे श्रीकृष्ण का मन्दिर ही नहीं बनवाता । जिसका धन पितरों, ब्राह्मणों और देवताओं के उपयोग में नहीं आता तथा बन्धु बान्धवों के भी उपयोग में नहीं आ सका, उसके धन की प्राप्ति व्यर्थ हुई। जैसे प्राणियों की मृत्यु निश्चित है, उसी प्रकार कमाये हुए धन का नाश भी निश्चित है। मूर्ख मनुष्य ही क्षणभङ्गुर जीवन और चञ्चल धन के मोह में बँधा रहता है। जब धन दान के लिये, प्राणियों के उपभोग के लिये, कीर्ति के लिये और धर्म के लिये काम में नहीं लाया जा सके तो उस धन का मालिक बनने में क्या लाभ है ? इसलिये प्रारब्ध से मिले अथवा पुरुषार्थ से, किसी भी उपाय से धन को प्राप्तकर उसे उत्तम ब्राह्मणों को दान दे, अथवा कोई स्थिर कीर्ति बनवावे। चूँकि दान और कीर्ति से भी बढ़कर मन्दिर बनवाना है, इसलिये बुद्धिमान् मनुष्य विष्णु आदि देवताओं का मन्दिर आदि बनवावे। भक्तिमान् श्रेष्ठ पुरुषों के द्वारा यदि भगवान्‌ के मन्दिर का निर्माण और उसमें भगवान् का प्रवेश (स्थापन आदि) हुआ तो यह समझना चाहिये कि उसने समस्त चराचर त्रिभुवन को रहने के लिये भवन बनवा दिया। ब्रह्मा से लेकर तृणपर्यन्त जो कुछ भी भूत, वर्तमान, भविष्य, स्थूल, सूक्ष्म और इससे भिन्न है, वह सब भगवान् विष्णु से प्रकट हुआ है। उन देवाधिदेव सर्वव्यापक महात्मा विष्णु का मन्दिर में स्थापन करके मनुष्य पुनः संसार में जन्म नहीं लेता (मुक्त हो जाता है)। जिस प्रकार विष्णु का मन्दिर बनवाने में फल बताया गया है, उसी प्रकार अन्य देवताओं — शिव, ब्रह्मा, सूर्य, गणेश, दुर्गा और लक्ष्मी आदि का भी मन्दिर बनवाने से होता है। मन्दिर बनवाने से अधिक पुण्य देवता की प्रतिमा बनवाने में है। देव प्रतिमा की स्थापना सम्बन्धी जो यज्ञ होता है, उसके फल का तो अन्त ही नहीं है। कच्ची मिट्टी की प्रतिमा से लकड़ी की प्रतिमा उत्तम है, उससे ईंट की, उससे भी पत्थर की और उससे भी अधिक सुवर्ण आदि धातुओं की प्रतिमा का फल है। देवमन्दिर का प्रारम्भ करने मात्र से सात जन्मों के किये हुए पाप का नाश हो जाता है तथा बनवानेवाला मनुष्य स्वर्गलोक का अधिकारी होता है; वह नरक में नहीं जाता। इतना ही नहीं, वह मनुष्य अपनी सौ पीढ़ी का उद्धार करके उसे विष्णुलोक में पहुँचा देता है। यमराज ने अपने दूतों से देवमन्दिर बनानेवालों को लक्ष्य करके ऐसा कहा था — ॥ २१-३५ ॥

यम बोले — ( देवालय और ) देव-प्रतिमा का निर्माण तथा उसकी पूजा आदि करने वाले मनुष्यों को तुम लोग नरक में न ले आना तथा जो देव मन्दिर आदि नहीं बनवाते, उन्हें खास तौर पर पकड़ लाना । जाओ! तुम लोग संसार में विचरो और न्यायपूर्वक मेरी आज्ञा का पालन करो। संसार के कोई भी प्राणी कभी तुम्हारी आज्ञा नहीं टाल सकेंगे। केवल उन लोगों को तुम छोड़ देना जो कि जगत्पिता भगवान् अनन्त की शरण में जा चुके हैं; क्योंकि उन लोगों की स्थिति यहाँ (यमलोक में) नहीं होती। संसार में जहाँ भी भगवान् में चित्त लगाये हुए, भगवान् की ही शरण में पड़े हुए भगवद्भक्त महात्मा सदा भगवान् विष्णु की पूजा करते हों, उन्हें दूर से ही छोड़कर तुमलोग चले जाना। जो स्थिर होते, सोते, चलते, उठते, गिरते, पड़ते या खड़े होते समय भगवान् श्रीकृष्ण का नाम-कीर्तन करते हैं, उन्हें दूर से ही त्याग देना । जो नित्य नैमित्तिक कर्मो द्वारा भगवान् जनार्दन की पूजा करते हैं, उनकी ओर तुमलोग आँख उठाकर देखना भी नहीं; क्योंकि भगवान्‌ का व्रत करने वाले लोग भगवान्‌ को ही प्राप्त होते हैं ॥ ३६-४१ ॥

जो लोग फूल, धूप, वस्त्र और अत्यन्त प्रिय आभूषणों द्वारा भगवान् की पूजा करते हैं, उनका स्पर्श न करना; क्योंकि वे मनुष्य भगवान् श्रीकृष्ण के धाम को पहुँच चुके हैं। जो भगवान्‌ के मन्दिर में लेप करते या बुहारी लगाते हैं, उनके पुत्रों को तथा उनके वंश को भी छोड़ देना । जिन्होंने भगवान् विष्णु का मन्दिर बनवाया हो, उनके वंश में सौ पीढ़ी तक के मनुष्यों की ओर तुमलोग बुरे भाव से न देखना। जो लकड़ी का, पत्थर का अथवा मिट्टी का ही देवालय भगवान् विष्णु के लिये बनवाता है, वह समस्त पापों से मुक्त हो जाता है। प्रतिदिन यज्ञों द्वारा भगवान् की आराधना करने वाले को जो महान् फल मिलता है, उसी फल को, जो विष्णु का मन्दिर बनवाता है, वह भी प्राप्त करता है जो भगवान् अच्युत का मन्दिर बनवाता है, वह अपनी बीती हुई सौ पीढ़ी के पितरों को तथा होने वाले सौ पीढ़ी के वंशजों को भगवान् विष्णु के लोक को पहुँचा देता है। भगवान् विष्णु सप्तलोकमय हैं। उनका मन्दिर जो बनवाता है, वह अपने कुल को तारता है, उन्हें अक्षय लोकों की प्राप्ति कराता है और स्वयं भी अक्षय लोकों को प्राप्त होता है। मन्दिर में ईंट के समूह का जोड़ जितने वर्षों तक रहता है, उतने ही हजार वर्षों तक उस मन्दिर के बनवाने वाले की स्वर्गलोक में स्थिति होती है। भगवान्‌ की प्रतिमा बनाने वाला विष्णुलोक को प्राप्त होता है, उसकी स्थापना करने वाला भगवान् में लीन हो जाता है और देवालय बनवाकर उसमें प्रतिमा की स्थापना करने वाला सदा भगवान् के लोक में निवास पाता है ॥ ४२–५० ॥

अग्निदेव बोले — यमराज के इस प्रकार आज्ञा देने पर यम के दूत भगवान् विष्णु की स्थापना आदि करने वालों को यमलोक में नहीं ले जाते। देवताओं की प्रतिष्ठा आदि की विधि का भगवान् हयग्रीव ने ब्रह्माजी से वर्णन किया था ॥ ५१ ॥

॥ इसप्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘देवालय निर्माण माहात्म्यादि का वर्णन’ नामक अड़तीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ३८ ॥

Content is available only for registered users. Please login or register

Please follow and like us:
Pin Share

Discover more from Vadicjagat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.